Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:भारत-नेपाल सीमा पर 1733 किलो गांजा जब्त, एसएसबी जवानों को कुचलने की कोशिश कर फरार हुए तस्कर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 7, 2026

SUPAUL:भारत-नेपाल सीमा पर 1733 किलो गांजा जब्त, एसएसबी जवानों को कुचलने की कोशिश कर फरार हुए तस्कर

वीरपुर (सुपौल)। भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। सीमा चौकी सतना की टीम ने दत्ता टोला क्षेत्र में एक संदिग्ध वाहन से यह खेप जब्त की। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 6 करोड़ 93 लाख 44 हजार रुपये बताई जा रही है।

45वीं वाहिनी एसएसबी वीरपुर के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि तस्कर बड़ी मात्रा में गांजे की खेप भारत में पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर सीमा क्षेत्र में लगातार निगरानी और विशेष अभियान चलाया जा रहा था।

शुक्रवार देर रात दत्ता टोला क्षेत्र में तैनात एसएसबी जवानों ने एक नेपाली नंबर प्लेट वाले संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। जवानों को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और एसएसबी कार्मिकों को कुचलने की कोशिश की। हालांकि जवानों की सतर्कता से बोलेरो कैंपर वाहन को रोक लिया गया।

बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर चालक एवं अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे 47 प्लास्टिक के बोरों से कुल 1733.6 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

एसएसबी ने जब्त गांजा और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंप दिया है। एसएसबी पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय पुलिस के सहयोग से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्रवाई के दौरान वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद थे।