Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:लव मैरिज विवाद में पंचायत पड़ी भारी, मुखिया-सरपंच समेत 7 जेल; 17 पर FIR - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, April 21, 2026

BIHAR:लव मैरिज विवाद में पंचायत पड़ी भारी, मुखिया-सरपंच समेत 7 जेल; 17 पर FIR

मधुबनी में सामाजिक पंचायत बनी हिंसा का कारण, मुखिया-जदयू नेता समेत 7 गिरफ्तार

मधुबनी जिले के कलुआही थाना क्षेत्र अंतर्गत मधेपुर गांव में एक सामाजिक पंचायत के दौरान हुई मारपीट के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत के मुखिया, जदयू प्रखंड अध्यक्ष और सरपंच सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में कई प्रमुख लोग शामिल

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मधेपुर पंचायत के मुखिया दिनेश प्रसाद सिंह, जदयू प्रखंड अध्यक्ष उदयकांत चौधरी, सरपंच रामानंद चौधरी, विमलेश चौधरी, बसंत सिंह, राकेश चौधरी और हेमंत सिंह शामिल हैं। सभी की गिरफ्तारी रविवार को की गई।

लड़की को वापस करने को लेकर बुलाई गई थी पंचायत

मिली जानकारी के अनुसार मामला दो समुदायों के बीच हुई शादी के विवाद से जुड़ा है। विवाद सुलझाने के लिए रविवार सुबह गांव में एक स्थानीय पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में लड़की को वापस करने की बात कही जा रही थी।

हालांकि लड़के पक्ष के लोग पंचायत में शामिल होने को तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि लड़की बालिग है और न्यायालय के आदेश के अनुसार वह स्वेच्छा से उनके साथ रह रही है।

पंचायत में नहीं पहुंचने पर बढ़ा तनाव, युवक की पिटाई

बताया गया कि एक पक्ष के पंचायत में नहीं पहुंचने से माहौल तनावपूर्ण हो गया और देखते ही देखते विवाद हिंसक मारपीट में बदल गया। इस दौरान लड़के पक्ष के एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

घायल युवक के बयान पर 17 नामजद

सदर-2 एसडीपीओ मनोज राम ने बताया कि घायल युवक के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें 17 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

गांव में पुलिस तैनात, स्थिति नियंत्रण में

एसडीपीओ ने बताया कि सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।