सौरबाजार (सहरसा)। सौरबाजार थाना क्षेत्र के कांप पश्चिम पंचायत में एक 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले युवक ने एक वीडियो बनाकर अपनी पत्नी पर अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया और परिजनों से उसके खिलाफ कार्रवाई कराने की अपील की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मृतक की पहचान कांप पश्चिम पंचायत निवासी विक्की पासवान (19) पुत्र स्वर्गीय सनोज पासवान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार घटना के समय घर के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। जब वे लौटे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर विक्की का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
बताया जाता है कि आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों से मानसिक रूप से परेशान होने की बात कही है। साथ ही ससुराल पक्ष को भी अपनी परेशानी के लिए जिम्मेदार ठहराया और न्याय की मांग की।
मां ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की मां लीलम देवी ने बताया कि विक्की की शादी 13 मार्च 2026 को सुपौल जिले के हेटबरिया गांव निवासी नेहा कुमारी से हुई थी। शादी के बाद वह कुछ दिनों तक ससुराल में रही, लेकिन बाद में मायके चली गई। मां का आरोप है कि उनकी बहू के अन्य लोगों से संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद उनका बेटा काफी तनाव में रहने लगा था।
परिजनों का कहना है कि घटना वाले दिन विक्की ने अपनी पत्नी को वीडियो कॉल किया और उसी दौरान आत्मघाती कदम उठा लिया। विक्की तीन भाइयों में सबसे छोटा था। करीब दस वर्ष पहले उसके पिता का निधन हो चुका था और परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करता था।
जांच में जुटी पुलिस
सौरबाजार थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।