पतरघट (सहरसा)। पतरघट थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गोलमा बैंक चौक के समीप एक टोटो रिक्शा से 72 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद की। इस दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया तथा शराब ढुलाई में प्रयुक्त टोटो को भी जब्त कर लिया गया।
थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद एएसआई विष्णुदेव कुमार मोदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोलमा बैंक चौक के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध टोटो रिक्शा को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान टोटो में रखी 72 लीटर अवैध देसी चुलाई शराब बरामद हुई। मौके पर ही पुलिस ने गोलमा बस्ती निवासी राजेश कुमार कामत एवं भागवतपुर बस्ती निवासी सौरव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त टोटो को भी जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।