मधेपुरा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 में जलजमाव, कचरे के अंबार, जर्जर एवं जानलेवा सड़कों समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया है। रविवार को वार्डवासियों ने जलजमाव के बीच बैठकर प्रेस वार्ता आयोजित की और वार्ड पार्षद द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों के दावों पर सवाल खड़े किए।
युवा समाजसेवी अखिलेश यादव ने कहा कि वार्ड पार्षद प्रतिनिधि धीरेंद्र यादव द्वारा वार्ड में कई सड़कें बनवाने और विकास कार्य कराने का दावा किया जा रहा है, जबकि हकीकत इससे अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन सड़कों को वर्तमान वार्ड पार्षद अपने कार्यों में शामिल कर रहे हैं, उनका निर्माण पूर्व वार्ड पार्षद सह पूर्व मुख्य पार्षद प्रत्याशी कुमारी विनीता भारती के कार्यकाल में कराया गया था।
अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान वार्ड पार्षद अपने कार्यकाल में अपने घर के सामने की सड़क तक नहीं बनवा सके। उन्होंने दावा किया कि वार्ड में अधिकांश विकास कार्य कुमारी विनीता भारती द्वारा नगर परिषद एवं सदर विधायक निधि से कराए गए थे।
किसान नेता गणेश मानव ने भी वर्तमान वार्ड पार्षद पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन कार्यों को वे अपनी उपलब्धि बता रहे हैं, वे सभी पूर्व पार्षद और विधायक के प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड में आज भी जलजमाव की गंभीर समस्या बनी हुई है और लोग रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
गणेश मानव ने कहा कि पूर्व पार्षद कुमारी विनीता भारती आज भी वार्ड के विकास के लिए सक्रिय हैं और उनकी मांग पर विधायक द्वारा कई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति भी दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हीं योजनाओं का श्रेय वर्तमान वार्ड पार्षद प्रतिनिधि लेने का प्रयास कर रहे हैं।
समाजसेवी रूद्र नारायण यादव ने कहा कि जलजमाव के कारण वार्ड की सड़कें जर्जर और जानलेवा बन चुकी हैं। पैदल चलने वाले लोग आए दिन ठोकर खाकर गिर रहे हैं, जबकि वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड की स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वार्ड में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह ठप है और अधिकांश पोलों पर अंधेरा पसरा रहता है। वार्डवासियों ने मांग की कि यदि वर्तमान वार्ड पार्षद द्वारा नगर परिषद फंड से कोई सड़क या अन्य विकास कार्य कराया गया है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
प्रेस वार्ता में मौजूद लोगों ने वार्ड की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए नगर परिषद प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
रिपोर्ट: पप्पू मेहता