Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:ट्रैक्टर का टायर फटने से गैरेज मैकेनिक की मौत, रिम सिर में लगने से गई जान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 7, 2026

SAHARSA:ट्रैक्टर का टायर फटने से गैरेज मैकेनिक की मौत, रिम सिर में लगने से गई जान

सहरसा। सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे में गैरेज मैकेनिक की मौत हो गई। ट्रैक्टर का टायर अचानक फटने से उसका रिम उछलकर मैकेनिक के सिर में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान लगमा पंचायत के नवटोलिया वार्ड संख्या-3 निवासी 33 वर्षीय कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। वह रामदेव यादव के पुत्र थे और दो भाइयों में सबसे बड़े थे।

जानकारी के अनुसार, कृष्ण कुमार पिछले तीन-चार वर्षों से सहरसा-महेशखुट मुख्य मार्ग पर लगमा चौक के समीप गैरेज चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र, सात वर्षीय प्रिंस कुमार और पांच वर्षीय पीयूष कुमार हैं।

मृतक के मामा विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार देर शाम कृष्ण कुमार अपने गैरेज पर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रैक्टर का टायर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। टायर का लोहे का रिम उछलकर सीधे उनके माथे में जा लगा, जिससे उनका सिर गंभीर रूप से जख्मी हो गया और ब्रेन को भी भारी क्षति पहुंची।

घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।