सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह और पैतृक संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बिहार पुलिस के एक जवान पर उनके पिता ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान का इलाज सहरसा सदर अस्पताल में चल रहा है।
घायल की पहचान बेगहा निवासी 33 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में दरभंगा जिले में बिहार पुलिस में पदस्थापित हैं। उनके पिता प्रभु नारायण साह तीन वर्ष पूर्व बिहार पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद से सेवानिवृत्त हुए थे।
पीड़ित मुकेश कुमार ने शनिवार रात सदर थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके प्रेम विवाह से पिता नाराज हैं। इसी कारण पिछले तीन वर्षों से उन्हें पैतृक संपत्ति से बेदखल करने को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। घर आने पर अक्सर इस मुद्दे को लेकर कहासुनी होती थी।
पत्नी के साथ छुट्टी पर आए थे घर
जानकारी के अनुसार, मुकेश कुमार अपनी पत्नी के साथ तीन दिन पहले छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार शाम करीब चार बजे उनके चचेरे भाई सुभाष कुमार घर की बांसबाड़ी में बांस कटवा रहे थे। इसी दौरान प्रभु नारायण साह वहां पहुंचे और बांस कटवाने की अनुमति के बारे में पूछताछ की। सुभाष कुमार ने मुकेश का नाम लिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद प्रभु नारायण साह घर पहुंचे और मुकेश कुमार के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चाकू से किए गए हमले में मुकेश के बाएं हाथ के बाजू और बाईं आंख के पास गंभीर चोटें आईं।
वीडियो भी किया उपलब्ध
मुकेश कुमार ने पुलिस को एक वीडियो भी सौंपा है। उनका दावा है कि वीडियो में उनके पिता चाकू और चचेरे भाई लाठी से हमला करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद परिजनों की मदद से उन्हें तत्काल सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू
घायल जवान ने अपने पिता और चचेरे भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शनिवार रात करीब 10 बजे सदर थाना में आवेदन दिया। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।