सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। काशनगर बाजार स्थित कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से लापता हुए तीसरी कक्षा के तीनों छात्रों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
रविवार शाम सिमरी बख्तियारपुर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी ने बताया कि बच्चों के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आठ अलग-अलग टीमों का गठन कर खोज अभियान चलाया गया।
लगातार तलाश और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीनों बच्चों को खगड़िया जिले के से सुरक्षित बरामद किया।
प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि उनका हॉस्टल में पढ़ाई करने में मन नहीं लग रहा था। इसी वजह से वे बिना किसी को बताए हॉस्टल से निकल गए थे। पुलिस ने बच्चों को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि 4 जून की अहले सुबह आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में रह रहे फतेहपुर निवासी आदित्य कुमार, मंगनमा निवासी शिवम कुमार तथा मंगवार गांव निवासी नीरज कुमार अचानक लापता हो गए थे। मुख्य बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों बच्चों को एक साथ जाते हुए देखा गया था। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर काशनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
जांच के दौरान विद्यालय प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई। सर्किल इंस्पेक्टर की जांच में पाया गया कि आवासीय विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं थे।
बच्चों की सकुशल बरामदगी पर परिजनों ने पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया है। फिलहाल बच्चों को उनके अभिभावकों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।