Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: 18 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 10 मोबाइल और नकदी भी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 7, 2026

BIHAR: 18 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 10 मोबाइल और नकदी भी बरामद

किशनगंज। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 88.23 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने नकदी, डिजिटल तराजू और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

एसडीपीओ ने बताया कि 6 जून को एएनटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा इस्मत टोला निवासी 34 वर्षीय सद्दाम अंसारी अपने घर में स्मैक का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ की टीम ने बहादुरगंज थाना पुलिस के सहयोग से आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 88.23 ग्राम स्मैक, 11,670 रुपये नकद, दो डिजिटल तराजू और 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मौके से सद्दाम अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने घर में मादक पदार्थ रखकर उसकी खरीद-बिक्री करने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और स्मैक के बैकवर्ड व फॉरवर्ड लिंक की जांच में जुटी है।

पुलिस तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच कर रही है। इस मामले में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 362/26 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी) एवं 21(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा मुक्त किशनगंज अभियान के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है।