जमुई। बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। सिमुलतला थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस ने एक फर्जी डाक पार्सल वाहन से 1080.72 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर सिमुलतला थाना पुलिस रेलवे सबवे के समीप वाहनों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध पिकअप वैन दिखाई दी, जिस पर डाक विभाग के पार्सल वाहन जैसा बोर्ड लगा हुआ था। पहली नजर में वाहन सामान्य पार्सल वैन प्रतीत हो रही थी, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया।
पुलिस का इशारा मिलते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ देर तक चली पीछा-पकड़ के बाद थाना गेट के सामने वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान वाहन से 121 कार्टन रॉयल मैंशन गोल्ड व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 1080.72 लीटर बताई गई है। शराब की खेप को अलग-अलग आकार की बोतलों में पैक किया गया था ताकि वितरण में आसानी हो सके।
गिरफ्तार चालक की पहचान झारखंड के धनबाद जिले के बरमसिया निवासी कृष्णा धीवर के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि शराब की खेप धनबाद से लोड की गई थी और उसे बांका जिले तक पहुंचाना था।
पुलिस के अनुसार, तस्करों ने मुख्य मार्गों पर जांच से बचने के लिए ग्रामीण सड़कों और रेलवे अंडरपास का इस्तेमाल किया। मामले की जांच जारी है और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान की जा रही है।
सिमुलतला थानाध्यक्ष रूबी कुमारी ने बताया कि बरामद शराब के पीछे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।