Kosi Live-कोशी लाइव PURNEA:इंजीनियरिंग छात्र का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 22, 2026

PURNEA:इंजीनियरिंग छात्र का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हेडलाइंस:
इंजीनियरिंग छात्र का शव फंदे से लटका मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

पूर्णिया जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक इंजीनियरिंग छात्र का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान बनियापट्टी निवासी आशीष उर्फ भोलू कुमार (पिता- प्रवीण यादव उर्फ टिंकू) के रूप में हुई है। घटना बहेलिया स्थान-बरहकोना मार्ग स्थित बांस बिट्टी इलाके की है।

स्थानीय लोगों ने जब सुनसान इलाके में युवक का शव फंदे से लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।

स्थानीय ग्रामीण सुनील कुमार सिंह ने घटना को बेहद संदिग्ध बताया। उनका कहना है कि सुनसान इलाके में इस तरह शव मिलना कई सवाल खड़े करता है और मामले की हर पहलू से जांच होनी चाहिए।

मृतक के रिश्तेदार रमन यादव ने इसे हत्या करार दिया है। उनका आरोप है कि आशीष की पहले हत्या की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में नशे के आदी स्मैकर्स का हाथ हो सकता है।

परिजनों के मुताबिक घटनास्थल से नशीले पदार्थ भी बरामद हुए हैं, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से स्मैक पीने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की है।

मीरगंज थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पूर्णिया जीएमसीएच भेजा गया था। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छात्र की मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।