मधेपुरा: जिले में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति और पुत्र की मौत के बाद अकेली रह रही एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया और बाद में उसका ट्रैक्टर व रोटावेटर भी हड़प लिया गया। पीड़िता की शिकायत पर मधेपुरा सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मामला सदर थाना क्षेत्र के बैरवा गांव का है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बैरवा निवासी वकील यादव के रूप में हुई है। पीड़िता मूल रूप से सहरसा की रहने वाली है।
पीड़िता ने सदर थाना में दिए आवेदन में बताया कि करीब दो वर्ष पहले उसके पुत्र की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। बेटे की मौत के महज एक महीने बाद उसके पति का भी निधन हो गया। लगातार हुए इन पारिवारिक हादसों के बाद वह पूरी तरह टूट चुकी थी।
इसी दौरान पति के जान-पहचान वाले मधेपुरा के बैरवा गांव निवासी वकील यादव ने उससे संपर्क किया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। महिला ने बताया कि उसका एक भू-विवाद से जुड़ा मामला पहले से न्यायालय में लंबित था। इसी मामले में सहायता के नाम पर आरोपी उसके साथ कोर्ट आने-जाने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी उसे बहाने से कई बार अपने गांव बैरवा ले गया। वहां घर पर भोजन में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे खिलाया जाता था। बेहोशी या अचेत अवस्था में आरोपी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। जब महिला विरोध करती, तो आरोपी उसे धमकाता था कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो कोर्ट में चल रहे जमीन विवाद को खत्म करवा देगा।
महिला ने बताया कि सामाजिक बदनामी और लोक-लज्जा के कारण वह लंबे समय तक यह सब सहती रही।
पीड़िता के अनुसार, कुछ दिन पहले आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके दिवंगत पति के नाम पर मौजूद ट्रैक्टर और रोटावेटर खेत जोतने के बहाने अपने गांव ले गया। जब उसने अपनी संपत्ति वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा।
महिला ने बताया कि 12 जून को वह ट्रैक्टर और रोटावेटर वापस लेने आरोपी के घर पहुंची। वहां आरोपी ने उसके साथ जोर-जबरदस्ती की और मारपीट भी की। इतना ही नहीं, आरोपी ने उसे शादी करने का दबाव बनाया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि यदि उसने शादी से इनकार किया, तो उसके पति की तरह ही उसे और उसके परिवार को भी खत्म करवा दिया जाएगा।
इस संबंध में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।