Kosi Live-कोशी लाइव OMG:मनाली घूमने गए वैशाली के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 200 फीट गहरी खाई में गिरी कार; मां और 11 माह के बेटे की मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 18, 2026

OMG:मनाली घूमने गए वैशाली के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 200 फीट गहरी खाई में गिरी कार; मां और 11 माह के बेटे की मौत

मनाली घूमने गए वैशाली के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 200 फीट गहरी खाई में गिरी कार; मां और 11 माह के बेटे की मौत

हिमाचल प्रदेश के लाहौल जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के वैशाली जिले की एक महिला और उसके 11 माह के दूधमुंहे बेटे की मौत हो गई, जबकि महिला की सास गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली थाना क्षेत्र के दुमदुमा गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान दुमदुमा गांव निवासी जयप्रकाश सिंह की बहू तन्नू कुमारी (26) और उनके 11 माह के पुत्र दक्ष कुमार के रूप में हुई है। तन्नू कुमारी, दीपक कुमार सिंह की पत्नी थीं। हादसे में दीपक की चाची सरिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, तन्नू कुमारी अपने पति दीपक कुमार सिंह, भाई और अन्य परिजनों के साथ हरियाणा के गुरुग्राम से मनाली घूमने गई थीं। परिवार मनाली से अटल टनल होते हुए रोहतांग दर्रा की ओर जा रहा था।

बताया गया कि लाहौल जिले के पोकसर क्षेत्र में धारा वाटरफॉल के पास दीपक कुमार सिंह ने वाहन रोका था। इसी दौरान उनका बड़ा बेटा अहान खाने की जिद करने लगा, जिसके बाद दीपक और उनका साला बच्चे को लेकर वाहन से नीचे उतर गए। कार में तन्नू कुमारी, सरिता देवी और 11 माह का पुत्र दक्ष मौजूद थे।

इसी बीच वाहन अचानक ढलान पर फिसल गया और करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

सभी घायलों को मनाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तन्नू कुमारी और उनके पुत्र दक्ष कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं सरिता देवी का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटे के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

मृतका के चचेरे ससुर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूरा परिवार गुरुग्राम में रहता है, जहां दीपक कुमार सिंह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं दुमदुमा गांव में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।