Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: पुलिस का 'ऑपरेशन स्मैक': पूर्व मंत्री के बेटे समेत 2 तस्कर गिरफ्तार, स्पोर्ट्स बाइक जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 18, 2026

BIHAR: पुलिस का 'ऑपरेशन स्मैक': पूर्व मंत्री के बेटे समेत 2 तस्कर गिरफ्तार, स्पोर्ट्स बाइक जब्त

फलका (कटिहार)। जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर-जिला स्मैक तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दो शातिर तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।

गिरफ्तार तस्करों में एक हाई-प्रोफाइल नाम सामने आया है। गिरफ्तार सुनील कुमार ने अपने आप को अररिया के पूर्व सांसद सह पूर्व कैबिनेट मंत्री रामजी दास ऋषि का पुत्र बताया है।


सुनील वर्तमान में रोजगार सेवक के पद पर फारबिसगंज में तैनात है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 102.79 ग्राम स्मैक और बिना नंबर की महंगी स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है।


 


गेड़ाबाड़ी मार्ग पर बिछाया था जाल


थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि गेराबारी के रास्ते स्मैक की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी सौरभ और पुलिस बल की संयुक्त टीम ने निसुन्द्रा मार्ग पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।


सुबह करीब 07:50 बजे बिना नंबर की पीले रंग की हीरो करिज्मा बाइक पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही तस्करों ने बाइक घुमाकर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।


 

फोटो- पूर्व कैबिनेट मंत्री के पुत्र रामजी दास ऋषि के पुत्र सुनील कुमार।


स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में हुई तलाशी


पुलिस ने प्रोटोकॉल का पालन करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरभ की उपस्थिति में दो स्वतंत्र गवाहों को मौके पर बुलाया। तलाशी के दौरान मुख्य आरोपी सुनील कुमार के पास मौजूद गुलाबी रंग के कपड़े के थैले में प्लास्टिक में पैक स्मैक बरामद हुई।


डिजिटल तराजू से वजन किए जाने पर यह 102.79 ग्राम निकली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दस लाख रुपये आंकी जा रही है।


 


पकड़े गए अभियुक्तों का विवरण:


सुनील कुमार (35 वर्ष): पिता- पूर्व मंत्री रामजी दास ऋषि, निवासी- गोखलापुर, जिला- अररिया।


(पद: रोजगार सेवक, बरामद: स्मैक व वनप्लस स्मार्टफोन)।


खुशीलाल मंडल (24 वर्ष): पिता- धनेश्वर मंडल, निवासी- भवानीपुर, जिला- पूर्णिया।


(बरामद: रेडमी स्मार्टफोन)। ये भवानीपुर थाना से स्मैक तस्करी मामले दो बार जेल जा चुका है।


एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ केस


पुलिस ने स्मैक, बिना नंबर की करिज्मा बाइक और दो महंगे स्मार्टफोन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।


थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार यादव ने बताया कि यह एक गंभीर संज्ञेय अपराध है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला है।


गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद से नशा माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।


इस सफल "ऑपरेशन स्मैक" में फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव के अलावा अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार व सब -इंस्पेक्टर अमरदीप सिंह के अलावा पुलिस सस्त्रबलों की अहम भूमिका रही।