खगड़िया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार और कोरेक्स के साथ दो गिरफ्तार, एक वारंटी भी पकड़ा गया
खगड़िया/बेलदौर: बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद बुधवार को उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, टोल फ्री नंबर 112 की टीम को सूचना मिली थी कि बलैठा गांव में एक युवक अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बलैठा गांव निवासी अमरेंद्र सिंह के पुत्र रोशन कुमार को एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में पनसलवा गांव निवासी अनेश सिंह के पुत्र रोहित कुमार को 174 पीस प्रतिबंधित कोरेक्स के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में कोरेक्स बरामद किया है।
इसके अलावा बेला नोवाद गांव निवासी देवनारायण शर्मा के पुत्र संजय कुमार को बैंक ऋण नहीं चुकाने से संबंधित मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पूर्व से कार्रवाई लंबित थी।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि बलैठा गांव निवासी रोशन कुमार को उसके भाई ने ही देसी कट्टा के साथ पकड़कर पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हथियार व कारतूस के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। :::