Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:प्यून से बना अकाउंटेंट, EOU के छापे में खुली करोड़ों की संपत्ति! थार, बंगला, ज्वेलरी और नकदी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 11, 2026

BIHAR:प्यून से बना अकाउंटेंट, EOU के छापे में खुली करोड़ों की संपत्ति! थार, बंगला, ज्वेलरी और नकदी बरामद

हेडलाइन:

प्यून से बना अकाउंटेंट, EOU के छापे में खुली करोड़ों की संपत्ति! थार, बंगला, ज्वेलरी और नकदी बरामद

हाजीपुर में EOU की बड़ी कार्रवाई: नगर परिषद के अकाउंटेंट के ठिकानों पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने गुरुवार सुबह आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर परिषद के अकाउंटेंट मनीष कुमार के दो ठिकानों पर छापेमारी की। सुबह करीब 8 बजे EOU की टीम स्थानीय पुलिस के साथ बागमली स्थित उनके आवास पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया।

छापेमारी के दौरान जांच एजेंसी को 2 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का आलीशान बंगला, एक थार वाहन, लाखों रुपये की ज्वेलरी, नकदी और 10 सीडी समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार को करीब 10 वर्ष पूर्व उनके पिता के निधन के बाद अनुकंपा के आधार पर नगर परिषद में नौकरी मिली थी। शुरुआत में उन्हें चतुर्थवर्गीय कर्मचारी (प्यून) के पद पर नियुक्त किया गया था, लेकिन बाद में वह अकाउंटेंट के पद तक पहुंच गए।

बताया जाता है कि मनीष कुमार अपनी मां और पत्नी के साथ बागमली स्थित इसी आलीशान बंगले में रहते हैं, जबकि उनके बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। जिस मकान में छापेमारी की गई, उसकी कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

आर्थिक अपराध इकाई के अधिकारियों के अनुसार, मनीष कुमार पर अपनी ज्ञात आय से लगभग 2 करोड़ 2 लाख 31 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि यह संपत्ति उनकी वैध आय से करीब 208.57 प्रतिशत अधिक है।

सूत्रों के मुताबिक, EOU को मनीष कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विशेष निगरानी न्यायालय, मुजफ्फरपुर से तलाशी वारंट प्राप्त किया गया। इसके बाद गुरुवार को उनके आवास और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की गई।

फिलहाल EOU की टीम बैंक खातों, निवेश, संपत्ति संबंधी दस्तावेजों और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। :::