Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:"भीषण गर्मी में 16 KM दौड़ बनी काल, बिहार पुलिस के प्रशिक्षु जवान श्रीराम कुमार की मौत" - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 11, 2026

BIHAR:"भीषण गर्मी में 16 KM दौड़ बनी काल, बिहार पुलिस के प्रशिक्षु जवान श्रीराम कुमार की मौत"


16 किलोमीटर की दौड़ बनी जानलेवा! भीषण गर्मी में प्रशिक्षण के दौरान गिरे बिहार पुलिस के प्रशिक्षु जवान की मौत

समस्तीपुर: बिहार पुलिस के एक युवा प्रशिक्षु जवान की प्रशिक्षण के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के चांदपुर धमौन गांव निवासी 22 वर्षीय श्रीराम कुमार के रूप में हुई है। वह रोहतास जिले के डेहरी ऑन सोन स्थित बिहार पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, श्रीराम कुमार की बिहार पुलिस में करीब पांच महीने पहले ही नियुक्ति हुई थी। नियुक्ति के बाद उन्हें प्रशिक्षण के लिए डेहरी ऑन सोन भेजा गया था। मंगलवार को प्रशिक्षण के दौरान जवानों को 16 किलोमीटर की दौड़ लगानी थी। इसी दौरान तेज धूप और भीषण गर्मी के बीच अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों और साथी प्रशिक्षुओं ने उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। पटना एम्स में इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।

युवा जवान की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि श्रीराम कुमार मेहनती और अनुशासित युवक थे तथा पुलिस सेवा में चयन होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था।

फिलहाल परिजन जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं। घटना के बाद प्रशिक्षण के दौरान जवानों की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और भीषण गर्मी में कराए जाने वाले शारीरिक अभ्यास को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर उचित कदम उठाने की मांग की है। :::