Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रौशन आनंद को जानबूझकर फंसाया गया? वकील ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, June 14, 2026

BIHAR:रौशन आनंद को जानबूझकर फंसाया गया? वकील ने खान सर पर लगाए गंभीर आरोप

टना: 2 जून को खान ग्लोबल स्टडीज संस्थान के परिसर के आसपास हुई मारपीट और कथित फायरिंग की घटना को लेकर कानूनी विवाद लगातार गहराता जा रहा है. मामले में खान सर उर्फ फैजल खान को फिलहाल अदालत से राहत मिली हुई है और उनकी गिरफ्तारी पर 20 जून 2026 तक रोक लगी है.

वहीं, इसी प्रकरण से जुड़े दूसरे मामले में ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद न्यायिक हिरासत में हैं. इस बीच रौशन आनंद के वकील ने खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके मुवक्किल को सुनियोजित तरीके से फंसाया गया.

अधिवक्ता निरंजन कुमार सिंह ने क्या कहा?

रौशन आनंद की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता निरंजन कुमार सिंह ने कहा कि मामले से जुड़े कई तथ्य और वीडियो सामग्री सार्वजनिक रूप से उपलब्ध हैं, जिनसे पूरी घटना की वास्तविकता सामने आती है. उनका दावा है कि खान सर के सुरक्षा कर्मी के बयान और विभिन्न वीडियो फुटेज इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं. वकील के अनुसार, पुलिस ने भी बाद में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था.

उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी घटना के पीछे एक बड़ी साजिश रची गई और इसके जरिए उनके मुवक्किल को गलत तरीके से कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है. निरंजन कुमार सिंह ने कहा कि वे खान सर को मिली अंतरिम राहत को उच्च स्तर पर चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं. उनका कहना है कि अदालत द्वारा दी गई राहत अंतिम नहीं है और मामले की आगे सुनवाई में कई महत्वपूर्ण पहलू सामने आ सकते हैं.

पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

रौशन आनंद की जमानत को लेकर भी उनके वकील ने उम्मीद जताई है. उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों की वजह से पिछली सुनवाई में राहत नहीं मिल सकी, लेकिन आने वाले दिनों में जमानत मिलने की संभावना है. साथ ही उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए.

गौरतलब है कि गोलीबारी के वायरल वीडियो के आधार पर कदमकुआं थाना पुलिस ने 4 जून 2026 को खान सर और उनके दो सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ हत्या के प्रयास तथा शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था. दूसरी ओर, खान ग्लोबल स्टडीज में घुसकर गार्ड के साथ मारपीट और उसे घायल करने के आरोप में रौशन आनंद, अभिषेक कुमार और गौरव कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था. दोनों मामलों की जांच जारी है और अदालत में सुनवाई के दौरान आगे की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.