भूजा-पकौड़ी खा रहा था युवक, बाइक सवार 3 बदमाशों ने बरसाईं गोलियां; इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग से पहुंचे थे आरोपी
सुपौल जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में महज 5 हजार रुपये के लेनदेन विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब युवक एक दुकान पर बैठकर भूजा-पकौड़ी का नाश्ता कर रहा था।
बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायरिंग कर दी। गोली युवक के माथे और पेट में लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना नगर पंचायत वार्ड संख्या-5 की है।
मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार मंडल (32) के रूप में हुई है, जो बनेलीपट्टी पंचायत निवासी गोपाल मंडल के पुत्र थे। वह पेशे से राजमिस्त्री थे और अपने पीछे पत्नी व दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हत्या के पीछे 5 हजार रुपये का विवाद बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक ने आरोपियों से पैसे लिए थे, जिन्हें लौटाने में देरी हो रही थी। इसी रंजिश में आरोपियों ने उसकी रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग की ओर से आए थे और हत्या के बाद बाइक से फरार हो गए। मृतक के भाई राज कुमार मंडल ने गांव के ही अर्जुन मंडल पर हत्या का आरोप लगाया है।
शरथ आर. एस. ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।