Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 हजार लोन और फ्री गैस सिलेंडर का झांसा देकर उड़ाती थी जेवर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 11, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 हजार लोन और फ्री गैस सिलेंडर का झांसा देकर उड़ाती थी जेवर

मधेपुरा में ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार, 70 हजार लोन और फ्री गैस सिलेंडर का झांसा देकर उड़ाती थी जेवर

मधेपुरा/सिंहेश्वर: सिंहेश्वर थाना पुलिस ने मुख्य बाजार स्थित मस्जिद के पास से ठगी के आरोप में एक महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला की पहचान कुमारखंड थाना क्षेत्र के कोरलाही रामगंज वार्ड संख्या-2 निवासी कविता देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 1500 रुपये नकद, चांदी के पायल का हुक, ताबीज, नथिया, मोबाइल फोन, एसबीआई कियोस्क बैंकिंग का पहचान पत्र और आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

70 हजार रुपये के लोन और मुफ्त गैस सिलेंडर का दिया लालच

पीड़िता बैरबन्ना वार्ड संख्या-8 निवासी बीबी बेचनी ने बताया कि करीब 20 दिन पहले वह सिंहेश्वर बाजार आई थी। इसी दौरान आरोपी महिला ने उसका पीछा किया और बातचीत के दौरान कहा कि उसे सरकार की योजना के तहत 70 हजार रुपये का लोन और मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेगा।

महिला ने पीड़िता को झांसा दिया कि योजना का लाभ लेने के लिए पहले चांदी का बाला गिरवी रखना होगा। गिरवी रखे गए जेवर से मिलने वाली राशि के आधार पर लोन पास कराया जाएगा और बाद में लोन मिलने पर वह अपना जेवर छुड़ा सकती है।

टोटो से मधेपुरा ले जाकर सुंघाया नशीला पदार्थ

पीड़िता के अनुसार आरोपी महिला उसे बातों में फंसाकर टोटो से मधेपुरा ले गई। मधेपुरा कॉलेज चौक के पास बैठाकर उसने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे उसे नींद आने लगी। इसका फायदा उठाकर महिला ने उसके दोनों हाथों से करीब 30 हजार रुपये मूल्य के चांदी के बाले, नथिया और 2500 रुपये नकद लेकर फरार हो गई।

जब पीड़िता को होश आया तो आरोपी महिला वहां से गायब थी।

कई अन्य महिलाओं को भी बना चुकी है शिकार

घर लौटने के बाद पीड़िता को जानकारी मिली कि इसी महिला ने लगभग 15 दिन पहले उसकी गोतनी जैमूल देवी को भी ठगी का शिकार बनाया था। आरोपी ने उससे नकमुन्नी, चांदी का बाला और 400 रुपये नकद ठग लिए थे।

इसके अलावा सरोपट्टी निवासी सोमनी देवी को भी नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब 12 हजार रुपये मूल्य का 10 भर वजनी चांदी का बाला उड़ा लिया था।

बाजार में दोबारा दिखी तो लोगों ने दबोचा

कुछ दिन बाद जब बीबी बेचनी फिर सिंहेश्वर बाजार पहुंची तो उसने मस्जिद के पास उसी महिला को घूमते हुए देखा। पीड़िता ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद तत्काल सिंहेश्वर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

क्या बोले थानाध्यक्ष

सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा उसके द्वारा की गई अन्य ठगी की घटनाओं की भी जांच की जा रही है।