पूर्णिया में इलाज के लिए लाए गए 9 हजार रुपये टेंपू में चोरी, ऑटो-टोटो संघ ने बढ़ाया मदद का हाथ
पूर्णिया। जिले में एक गरीब पिता के साथ ऐसी घटना घटी जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। अपने घायल मासूम बच्चे का इलाज कराने कर्ज लेकर पूर्णिया पहुंचे एक व्यक्ति की जेब से टेंपू में सफर के दौरान 9 हजार रुपये चोरी हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने इलाज और घर लौटने तक का संकट खड़ा हो गया। हालांकि बाद में ऑटो-टोटो संघ ने आगे आकर आर्थिक मदद प्रदान की।
पीड़ित मनोहर कुमार रुपौली थाना क्षेत्र के गोरिया छोटी शिशुआ गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि उनके मासूम बेटे का पैर टूट गया है और इलाज के लिए वे गांव के लोगों से कर्ज लेकर अपनी पत्नी और बच्चे के साथ शुक्रवार को पूर्णिया पहुंचे थे।
बस स्टैंड पर उतरने के बाद वे लाइन बाजार जाने के लिए टोटो की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान एक टेंपू चालक ने जल्द पहुंचाने का भरोसा देकर उन्हें अपने वाहन में बैठा लिया। पीड़ित के अनुसार, बस स्टैंड से चलने के बाद ग्रीन पार्क के समीप चालक ने उन्हें यह कहकर जबरन उतार दिया कि लाइन बाजार जाने के लिए यहां से दूसरा वाहन लेना होगा।
वाहन से उतरने के बाद जब मनोहर कुमार ने अपनी जेब जांची तो उसमें रखे 9 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने टेंपू चालक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो चुका था।
मनोहर कुमार ने बताया कि वे बेहद गरीब परिवार से हैं और बच्चे की जान बचाने के लिए उधार लेकर इलाज कराने आए थे। रुपये चोरी हो जाने के बाद उनके पास न तो डॉक्टर को देने के लिए पैसे बचे और न ही घर वापस लौटने का किराया।
घटना के बाद पीड़ित अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मदद की आस में सांसद कार्यालय अर्जुन भवन पहुंचे। वहीं जिला ऑटो-टोटो संघ के जिलाध्यक्ष जहागीर आलम लड्डू ने संघ के सदस्यों के सहयोग से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सकी।
इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषी चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है।