Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA: निजी स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्र लापता, परिजनों में मचा हड़कंप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, June 6, 2026

SAHARSA: निजी स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्र लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

सहरसा: निजी स्कूल के हॉस्टल से तीन छात्र लापता, परिजनों में मचा हड़कंप

सोनवर्षा राज (सहरसा)। जिले के सोनवर्षा राज स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से तीन छात्रों के अचानक लापता होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद छात्रों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने काशनगर थाना में आवेदन देकर बच्चों की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, काशनगर मुख्य बाजार स्थित कैरियर मेकर आवासीय विद्यालय के हॉस्टल से 4 जून की अहले सुबह तीन छात्र अचानक गायब हो गए। विद्यालय के निदेशक विजय भगत ने इसकी सूचना छात्रों के अभिभावकों को दी, जिसके बाद परिजन विद्यालय पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की।

लापता छात्रों की पहचान फतेहपुर गांव निवासी विजय यादव के पुत्र आदित्य कुमार, मंगनवा गांव निवासी राकेश मुखिया के 12 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार तथा मंगवार गांव निवासी उमेश मंडल के 14 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों छात्र पिछले तीन वर्षों से विद्यालय के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहे थे।

परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन छात्रों का कोई सुराग नहीं मिल सका। विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में तीनों छात्र एक साथ हॉस्टल से बाहर जाते दिखाई दिए हैं। हालांकि वे किस दिशा में गए, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।

काशनगर थानाध्यक्ष बजरंगी कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा छात्रों की जल्द बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।

इस घटना के बाद परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है। सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई और छात्रों की सुरक्षित वापसी पर टिकी हैं।