सुपौल में तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो में मारी टक्कर, चालक बाल-बाल बचा
सुपौल जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर रविवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि चालक की जान बाल-बाल बच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, नरपतगंज नगर पंचायत के मधुरा दक्षिण वार्ड संख्या-20 निवासी मंटू कुमार अपनी स्कॉर्पियो (BR 38 P 1819) से सहरसा जा रहे थे। इसी दौरान गढ़िया शिव मंदिर के समीप पीछे से तेज गति से आ रही ट्रक (MP 07 HB 9187) ने ओवरटेक करने के दौरान स्कॉर्पियो में साइड से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और चालक को वाहन से बाहर निकाला।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। घायल चालक को उपचार के लिए प्रतापगंज पीएचसी भेजा गया।
फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रतापगंज थाना पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।