Kosi Live-कोशी लाइव सुपौल में चलती बस का गुल्ला टूटा, बांसबिट्टी से टकराई; 6 यात्री घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 11, 2026

सुपौल में चलती बस का गुल्ला टूटा, बांसबिट्टी से टकराई; 6 यात्री घायल

सुपौल में चलती बस का गुल्ला टूटा, बांसबिट्टी से टकराई; 6 यात्री घायल

सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब चलती यात्री बस का गुल्ला टूटने से वह अनियंत्रित होकर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे बांसबिट्टी से जा टकराई। हादसे में करीब 5 से 6 यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना पिपरा थाना क्षेत्र के बिशनपुर के पास सोमवार सुबह करीब 9 बजे की है। बताया गया कि ‘मुन्ना डीलक्स’ नामक यात्री बस (BR 43 GA 7275) बीरपुर से सहरसा जा रही थी। इसी दौरान अचानक बस का गुल्ला टूट गया, जिससे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे बांसबिट्टी में जा घुसी।

हादसे के समय बस में लगभग 25 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों और बस कर्मचारियों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

यात्रियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था

बस कॉन्ट्रैक्टर ने बताया कि हादसा अचानक तकनीकी खराबी के कारण हुआ। सभी यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर उनके गंतव्य तक रवाना कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

तकनीकी खराबी की जांच में जुटी पुलिस

पिपरा थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। बस में आई तकनीकी खराबी और गुल्ला टूटने के कारणों की पड़ताल की जाएगी।