पूर्णिया में 75 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, ऑल्टो कार व मोबाइल जब्त
पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 75 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान एक ऑल्टो कार, दो मोबाइल फोन और नकद राशि भी बरामद की गई।
जलालगढ़ थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर रविवार रात जलालगढ़ थाना क्षेत्र के मेंहींनगर वार्ड संख्या-8 में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने बीआर 11 एयू 7903 नंबर की ऑल्टो कार में सवार दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 75 ग्राम स्मैक बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेंहींनगर निवासी विकास कुमार तथा पिपरपांति एकम्बा निवासी कमलेश कुमार साह के रूप में हुई है। दोनों आपस में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन और 210 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने कार समेत कई सामान किए जब्त
पुलिस ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया गया है। बरामद स्मैक की कीमत बाजार में हजारों रुपये बताई जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। सोमवार दोपहर करीब दो बजे दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में पूर्णिया जेल भेज दिया गया।
उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।