राघोपुर स्टेशन पहुंची अमृत भारत एक्सप्रेस, लोगों ने ताली बजाकर किया स्वागत
राघोपुर (सुपौल) कोशी लाइव की रिपोर्ट: न्यू जलपाईगुड़ी से अमृतसर जाने वाली ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ के पहली बार राघोपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यात्रियों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही लोगों ने ताली बजाकर खुशी जताई और रेलवे प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार इस नई ट्रेन का परिचालन सप्ताह में एक-एक दिन दोनों दिशाओं से किया जाएगा।
- गाड़ी संख्या 14664 (अमृतसर–न्यू जलपाईगुड़ी): प्रत्येक गुरुवार को अमृतसर से रवाना होगी।
- गाड़ी संख्या 14663 (न्यू जलपाईगुड़ी–अमृतसर): प्रत्येक शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से संचालित की जाएगी।
इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
अमृत भारत एक्सप्रेस पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के कई महत्वपूर्ण शहरों और स्टेशनों को जोड़ते हुए चलेगी। इसके प्रमुख स्टेशनों में लुधियाना, अंबाला कैंट, मुरादाबाद, गोंडा, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़, राघोपुर, नरपतगंज, फारबिसगंज, अररिया, ठाकुरगंज, बागडोगरा और सिलीगुड़ी शामिल हैं।
व्यापार, शिक्षा और रोजगार को मिलेगी नई रफ्तार
स्थानीय नागरिकों और बुद्धिजीवियों का कहना है कि यह ट्रेन सीमांचल, कोसी और मिथिला क्षेत्र के विकास के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। राघोपुर और आसपास के इलाकों के लोगों को अब अमृतसर, गोरखपुर और सिलीगुड़ी जैसे बड़े शहरों के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध हो गई है।
यात्रियों ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले लंबी दूरी की यात्रा के लिए उन्हें दूसरे बड़े स्टेशनों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों की बर्बादी होती थी। अब नजदीकी स्टेशन से ही आधुनिक सुविधाओं वाले कोच और बेहतर सीटिंग व्यवस्था मिलने से सफर अधिक आरामदायक और सुगम हो जाएगा।
लोगों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में राघोपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा।