किशनपुर गोल चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान कट्टा के साथ तीन युवक गिरफ्तार
सुपौल/किशनपुर: किशनपुर गोल चौक के पास शुक्रवार की संध्या वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्टल और बाइक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई सदर इंस्पेक्टर संजय यादव एवं एएसआई राजू ठाकुर के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, सारायगढ़ गांव वार्ड नंबर 12 निवासी अरुण मुखिया, पिता योगेश्वर मुखिया, अनिल कुमार मुखिया, पिता राजकुमार मुखिया तथा एक अन्य युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सुपौल डभारी स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके मामा का दिन में पड़ोसी से विवाद हुआ था, जिसके बाद सभी युवक वहां जा रहे थे।
इसी दौरान किशनपुर गोल चौक पर पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग की जा रही थी। पुलिस को देखते ही तीनों युवक इधर-उधर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान अरुण मुखिया के कमर से एक देसी कट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। मामले में थाना कांड संख्या 106/26 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि अरुण मुखिया के पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।