Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:कोसी नदी के रास्ते शराब तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 720 लीटर नेपाली शराब और नाव जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, May 30, 2026

SUPAUL:कोसी नदी के रास्ते शराब तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 720 लीटर नेपाली शराब और नाव जब्त

कोसी नदी के रास्ते शराब तस्करी की बड़ी कोशिश नाकाम, 720 लीटर नेपाली शराब और नाव जब्त

वीरपुर: 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी पिपराही क्षेत्र में विशेष नाका ड्यूटी के दौरान जवानों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 720 लीटर नेपाली शराब और एक लकड़ी की नाव जब्त की है। हालांकि अंधेरे और कोसी नदी के दुर्गम इलाके का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।

द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कोसी नदी के पलार क्षेत्र से मादक पदार्थों की तस्करी की जा सकती है। सूचना के आधार पर एसएसबी ने विशेष नाका पार्टी का गठन कर निगरानी शुरू की।

गठित टीम स्पर संख्या 1237 से नाव के जरिए कोसी नदी के पलार क्षेत्र पहुंची और संदिग्ध स्थान पर छिपकर नजर रखने लगी। कुछ देर बाद जवानों ने नदी किनारे एक लकड़ी की नाव को देखा, जिसमें कुछ लोग सफेद प्लास्टिक की बोरियों में सामान लाकर रख रहे थे।

संदेह होने पर एसएसबी जवानों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन बल की मौजूदगी का आभास होते ही तस्कर अंधेरे और नदी के कठिन भू-भाग का लाभ उठाकर फरार हो गए।

इसके बाद चलाए गए तलाशी अभियान में नाव से सफेद प्लास्टिक की बोरियों में रखी नेपाली देशी शराब “दिलवाले” बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 720 लीटर बताई गई है।

आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद शराब और लकड़ी की नाव को मध निषेध विभाग, सिमराही के हवाले कर दिया गया। इस अभियान में सहायक कमांडेंट जगत्तर सिंह समेत एसएसबी के कई जवान शामिल रहे।

एसएसबी 45वीं वाहिनी ने कहा है कि सीमा क्षेत्र में शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।