हाथ में कट्टा लेकर वीडियो बनाना पड़ा भारी, महिला गिरफ्तार
मधेपुरा में सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए वीडियो बनाना एक महिला को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो सामने आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक देसी मास्केट भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक महिला भोजपुरी गाने पर हाथ में हथियार लेकर प्रदर्शन करती नजर आ रही थी। वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा शुरू हो गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, मिठाई पुलिस शिविर प्रभारी शिवानी कुमारी और पीटीसी अशोक तिवारी शामिल थे। जांच के दौरान वीडियो में दिख रही महिला की पहचान मिठाई वार्ड नंबर-4 निवासी ललिता देवी, पति दीपक यादव के रूप में हुई।
पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की, जहां से महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान एक देसी मास्केट बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में महिला इसी हथियार को लहराते हुए दिखाई दे रही थी। हालांकि पुलिस को हथियार के साथ कोई गोली नहीं मिली।
गिरफ्तारी के बाद महिला से पूछताछ की गई और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।