सहरसा-सुपौल मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत
ससुराल जा रहे युवक की सड़क दुर्घटना में गई जान, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सहरसा-सुपौल मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के पूरीख वार्ड नंबर-3 निवासी छोटकू कुमार (22) के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह परिजनों ने शव की पहचान की।
दिल्ली से लौटकर कर रहे थे मजदूरी
मृतक छोटकू कुमार अपने पिता भूपी सदा के छह बेटों में तीसरे स्थान पर थे। वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे और करीब दो महीने पहले ही दिल्ली से घर लौटे थे।
परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी भी शामिल है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ससुराल जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक के पिता भूपी सदा ने बताया कि छोटकू कुमार बाइक से अपनी ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पहचान के लिए पुलिस ने सोशल मीडिया का लिया सहारा
बिहरा थाना अध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि गुरुवार रात सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। शव की पहचान नहीं होने पर पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी प्रसारित की।
शुक्रवार को परिजनों ने शव की पहचान छोटकू कुमार के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।