सुपौल लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, तीन अपराधी गिरफ्तार
अपाचे बाइक और घड़ी बरामद, मुख्य आरोपी पर हत्या समेत कई मामले दर्ज
सुपौल सदर थाना क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक और एक घड़ी भी बरामद की है। गिरफ्तार बदमाशों में एक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जिस पर हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
पटना से कैब बुक कर दिया था वारदात को अंजाम
एसपी शरथ आरएस ने बताया कि 5 मई की रात अपराधियों ने पटना बाजार समिति से एक कैब चालक को किराए पर लेकर वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने एक व्यक्ति को निशाना बनाते हुए उसका मोबाइल, पर्स में रखे पांच हजार रुपये नकद और कार में रखी दो मूर्तियां लूट ली थीं।
घटना के बाद पीड़ित के आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 321/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से मिली सफलता
एसपी ने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए सदर एसडीपीओ शिवेंद्र कुमार अनुभवी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर लगातार छापेमारी अभियान चलाया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के करिहो वार्ड-5 निवासी रोहित राज उर्फ मुन्ना पाठक, कुम्हेत वार्ड-10 निवासी इंकेश कुमार तथा गौरवगढ़ वार्ड-5 निवासी चंदन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने कबूला जुर्म
पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक और एक घड़ी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में कई अहम सुराग मिले हैं और गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
मुख्य आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
एसपी शरथ आरएस ने बताया कि मुख्य आरोपी रोहित राज उर्फ मुन्ना पाठक का आपराधिक इतिहास काफी लंबा रहा है। उसके खिलाफ हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले पहले से दर्ज हैं।
वर्ष 2023 में उसके खिलाफ हत्या से जुड़े दो अलग-अलग कांड दर्ज किए गए थे। वहीं अप्रैल 2026 में भी उसके विरुद्ध गंभीर धाराओं में एक नया मामला दर्ज हुआ था।