Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:मंडल कारा के कक्षपाल की इलाज के दौरान मौत: सीने में दर्द के बाद बिगड़ी हालत, हार्ट अटैक की आशंका - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 19, 2026

BIHAR:मंडल कारा के कक्षपाल की इलाज के दौरान मौत: सीने में दर्द के बाद बिगड़ी हालत, हार्ट अटैक की आशंका

अररिया मंडल कारा के कक्षपाल की इलाज के दौरान मौत: सीने में दर्द के बाद बिगड़ी हालत, हार्ट अटैक की आशंका
अररिया मंडल कारा में तैनात कक्षपाल राकेश कुमार यादव (55) का मंगलवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। प्रारंभिक तौर पर उनकी मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह ड्यूटी के दौरान राकेश कुमार यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सुजीत कुमार झा ने बताया कि जेल के डॉक्टर द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर साथी कक्षपाल उन्हें करीब 11 बजे अररिया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।
सीने में दर्द की शिकायत के बाद किया गया रेफर
अस्पताल में राकेश यादव ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
इसी दौरान रेफरल प्रक्रिया के समय दोपहर करीब 2 बजे उनकी तबीयत अचानक फिर बिगड़ गई और वे गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोपहर 2:15 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पूर्व सैनिक थे राकेश यादव
मृतक राकेश कुमार यादव मूल रूप से मुंगेर जिले के जमालपुर प्रखंड के निवासी थे। वे 2015 बैच के सिपाही और पूर्व सैनिक थे। जेल विभाग में उन्हें अनुशासनप्रिय, कर्तव्यनिष्ठ और सख्त पहरेदारी के लिए जाना जाता था।
जेल प्रशासन में शोक की लहर
उनके आकस्मिक निधन से जेल प्रशासन, पुलिस विभाग और परिजनों में गहरा शोक है। कारा अधीक्षक सुजीत कुमार झा ने कहा कि राकेश यादव एक समर्पित कर्मचारी थे और उनका निधन पूरे जेल परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि विभाग इस दुख की घड़ी में परिजनों के साथ खड़ा है।
जेल प्रशासन ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।