सहरसा/सिमरी बख्तियारपुर: चिरैया थाना पुलिस ने शनिवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बदमाश को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना टल गई। गिरफ्तार युवक के घर से एक कट्टा बरामद किया गया है।
रविवार को बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि चिरैया थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के बनाही गांव में एक युवक हथियार लहराते हुए घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम का गठन कर बताए गए स्थान पर छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए उसे खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, जहां से एक कट्टा बरामद किया गया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बनाही गांव निवासी स्वर्गीय रामचंद्र पोद्दार के पुत्र अनिल पोद्दार के रूप में बताई।
पुलिस अब उससे गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या नहीं और हथियार कहां से लाया गया था।
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश को सहरसा न्यायालय भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।