Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:ड्यूटी के दौरान सिपाही को ट्रैक्टर ने रौंदा, लखीसराय में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 17, 2026

BIHAR:ड्यूटी के दौरान सिपाही को ट्रैक्टर ने रौंदा, लखीसराय में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई

सासाराम में ड्यूटी के दौरान सिपाही को ट्रैक्टर ने रौंदा, लखीसराय में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई
बिहार के Sasaram में ड्यूटी के दौरान बालू लदे ट्रैक्टर से कुचलकर एक सिपाही की हत्या कर दी गई। मृतक सिपाही की पहचान 39 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो Lakhisarai जिले के रामगढ़ चौक प्रखंड स्थित कौली गांव के निवासी थे और रोहतास जिला पुलिस बल में तैनात थे।
नो-एंट्री में ट्रैक्टर रोकने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह सासाराम नगर थाना क्षेत्र के एसपी जैन कॉलेज मोड़ के पास नो-एंट्री जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बालू लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर इलाके में घुसने की कोशिश कर रहा था।
सिपाही मुकेश कुमार ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया। ट्रैक्टर का पिछला पहिया उनके शरीर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। घटना के करीब आठ घंटे बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लखीसराय पुलिस लाइन में दी गई अंतिम सलामी
रविवार सुबह सिपाही का पार्थिव शरीर सबसे पहले लखीसराय पुलिस लाइन लाया गया। यहां एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी।
इसके बाद शव उनके पैतृक गांव कौली पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौजूद थे। गांव में मातम का माहौल था और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
छह महीने पहले हुई थी तैनाती
बताया जा रहा है कि मुकेश कुमार की तैनाती करीब छह महीने पहले ही सासाराम यातायात पुलिस में हुई थी। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार वे शांत, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ जवान थे।
दिवंगत सिपाही अपने पीछे माता-पिता, पत्नी, दो बेटियां और दो साल का बेटा छोड़ गए हैं। बेटे की मौत से पिता सरोवर रविदास पूरी तरह टूट गए हैं।
ट्रैक्टर चालक और मालिक पर FIR
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है, जबकि फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रोहतास पुलिस ने बताया कि मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।