सलखुआ में लग्जरी कार से विदेशी शराब बरामद, युवक गिरफ्तार; कार-बाइक जब्त
सलखुआ। थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलखुआ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गोसपुर चौक के समीप एक लग्जरी कार से करीब 25.930 लीटर विदेशी शराब बरामद किया है। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक कार और एक बाइक को भी जब्त कर लिया गया।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंची और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से गोसपुर निवासी सौरव कुमार (19 वर्ष), पिता प्रमोद यादव को गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार और बाइक को भी जब्त कर लिया।
पांच लोगों पर दर्ज हुई प्राथमिकी
पुलिस ने इस मामले में कुल पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार सौरव कुमार को मुख्य अभियुक्त बनाया गया है। इसके अलावा सूरज कुमार, पिता सचिंद्र यादव तथा मनीष कुमार, पिता अनिष यादव को भी नामजद आरोपी बनाया गया है।
वहीं जब्त कार संख्या WB 06 J 1524 और बाइक संख्या BR 19 W 3598 के मालिकों को भी आरोपी बनाया गया है। सभी आरोपियों पर विदेशी शराब को अवैध रूप से रखने, परिवहन करने और बिक्री करने का आरोप लगाया गया है।
फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी तेज
थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच जारी है।