Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:शादी का स्टीकर लगी स्कॉर्पियो से शराब तस्करी, 348 लीटर शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, May 8, 2026

BIHAR:शादी का स्टीकर लगी स्कॉर्पियो से शराब तस्करी, 348 लीटर शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार

औरंगाबाद में शादी का स्टीकर लगी स्कॉर्पियो से शराब तस्करी, 348 लीटर शराब जब्त; तस्कर गिरफ्तार

औरंगाबाद जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंबा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शादी समारोह का स्टीकर लगी एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अंबा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि झारखंड से वैकल्पिक रास्तों के जरिए शराब की बड़ी खेप स्कॉर्पियो वाहन से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष राहुल राज के नेतृत्व में ढूंढा से उदयगंज जाने वाले मार्ग पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।

इसी दौरान दक्षिण दिशा से एक काले रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी, जिस पर शादी समारोह का स्टीकर लगा हुआ था। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर उदयगंज गांव की ओर भागने लगा।

ग्रामीणों ने किया पथराव

गांव में पहले से मौजूद पुलिस बल को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर वापस भागने की कोशिश की। इस दौरान ग्रामीणों की जान खतरे में पड़ सकती थी, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो पर पथराव कर दिया। पथराव में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चालक को पकड़ लिया।

वाहन से भारी मात्रा में शराब और नकदी बरामद

पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो में छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। बरामद शराब में झारखंड निर्मित 300 एमएल की 1050 बोतल टनाका देसी शराब एवं 500 एमएल की 66 बोतल बीयर शामिल है। पुलिस ने कुल 315 लीटर देसी शराब और 33 लीटर विदेशी शराब जब्त की है।

इसके अलावा वाहन से 1 लाख 15 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

पहले भी जा चुका है जेल

गिरफ्तार तस्कर की पहचान झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत हरिहरगंज थाना क्षेत्र के अररुआ खुर्द निवासी मिथुन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी शराब तस्करी के मामले में अंबा थाना से जेल जा चुका है।

पुलिस ने इस मामले में अंबा थाना कांड संख्या 77/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।