सहरसा में लग्जरी सफारी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
सहरसा: जिले में पूर्ण शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के अभियान के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्ती और वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक लग्जरी टाटा सफारी वाहन से 92.625 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में एक युवक को गिरफ्तार करते हुए वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
‘रोको-टोको’ अभियान के दौरान हुई कार्रवाई
सदर थाना अध्यक्ष अजय कुमार ने बुधवार शाम मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार देर रात सदर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन तिवारी होमगार्ड जवानों के साथ क्षेत्र में रात्रि गश्ती कर रहे थे।
रात करीब 12:30 बजे रहुआ नहर और जोड़ी पाखर के बीच ‘रोको-टोको’ अभियान के तहत वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान सहरसा की ओर से आ रही उजले रंग की टाटा सफारी (BR11H-4631) को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखकर भागने लगा चालक
पुलिस के अनुसार वाहन चालक पुलिस को देखकर घबरा गया और गाड़ी को पीछे मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर डिक्की से छह बोरे बरामद किए गए। बोरों की जांच में ‘रॉयल स्टैग’ ब्रांड की 375 एमएल और 750 एमएल की विदेशी शराब की बोतलें मिलीं।
पंजाब से लाई गई थी शराब
बरामद सभी शराब की बोतलों पर “For Sale in Punjab Only” अंकित था। इससे स्पष्ट हुआ कि शराब पंजाब से बिहार लाई गई थी। पुलिस ने कुल 92.625 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है।
हटियागाछी निवासी युवक गिरफ्तार
इस मामले में गिरफ्तार युवक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के हटियागाछी वार्ड संख्या-31 निवासी 22 वर्षीय शक्ति चौधरी के रूप में की गई है। पूछताछ के दौरान आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी
सदर थाना पुलिस ने बताया कि बिहार में शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण पूर्णतः प्रतिबंधित है। गिरफ्तार आरोपी और वाहन मालिक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शराब तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जानी थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच तेज कर दी गई है।