Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR CRIME:दिनदहाड़े 27 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को बनाया निशाना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 13, 2026

BIHAR CRIME:दिनदहाड़े 27 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को बनाया निशाना

पटना में दिनदहाड़े 27 लाख की लूट, हथियारबंद बदमाशों ने कैश वैन को बनाया निशाना

पटना: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस व्यवस्था को चुनौती देते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोलविगहा इलाके में पांच हथियारबंद बदमाशों ने सीएमएस कंपनी की कैश वैन से दिनदहाड़े 27 लाख रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे बदमाश

जानकारी के अनुसार, तीन बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने कैश वैन को बीच रास्ते में घेर लिया। घटना उस समय हुई जब सीएमएस कंपनी की कैश वैन संपतचक स्थित बिग बाजार से पैसा लेकर जा रही थी।

कैश वैन में कस्टोडियन, ड्राइवर और गनमैन समेत कुल तीन लोग सवार थे।

गनमैन की राइफल छीनकर खेत में फेंकी

गनमैन सत्येंद्र सिंह ने बताया कि जैसे ही कैश वैन जोलविगहा इलाके से गुजर रही थी, रास्ते में बाइक लगाकर खड़े बदमाशों ने वाहन को रोक लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने चारों तरफ से कैश वैन को घेर लिया।

सबसे पहले बदमाशों ने गनमैन की राइफल छीनकर खेत में फेंक दी। इसके बाद हथियार के बल पर गाड़ी में रखा कैश बॉक्स लेकर फरार हो गए। बॉक्स में करीब 27 लाख रुपये रखे थे।

दस मिनट में वारदात को दिया अंजाम

बताया जा रहा है कि अपराधियों ने महज दस मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दिया और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस को पहले नहीं दी गई थी सूचना

कैश वैन के ड्राइवर और गनमैन ने बताया कि इतनी बड़ी रकम लेकर जाने की सूचना पहले पुलिस को नहीं दी गई थी। उनका कहना था कि इसकी जिम्मेदारी कस्टोडियन की होती है।

हालांकि घटना के तुरंत बाद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

सूचना मिलने के बाद गोपालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।

इस बड़ी लूट की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।