शिवहर में कृषि कार्यालय के बड़ा बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई
पटना/शिवहर: भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार को एक और बड़ी सफलता मिली है। निगरानी ब्यूरो की टीम ने शिवहर जिला कृषि कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू बिजेंद्र कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
लाइसेंस बनाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, परिवादिनी श्रीमती मनीषा देवी, पति स्वर्गीय मुकेश सिंह, निवासी माधोपुर सिंगाही, थाना पिपराही, जिला शिवहर ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि जिला कृषि कार्यालय में कार्यरत बड़ा बाबू बिजेंद्र कुमार खाद एवं बीज दुकान का लाइसेंस बनाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे।
सत्यापन में सही पाया गया आरोप
ब्यूरो ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या-055/26 दिनांक 11 मई 2026 दर्ज किया गया।
मामले की जांच और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार साह के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया।
कार्यालय कक्ष से रंगेहाथ गिरफ्तार
निगरानी टीम ने बुधवार 13 मई 2026 को जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान जिला कृषि कार्यालय, शिवहर स्थित कार्यालय कक्ष में बिजेंद्र कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।
विशेष न्यायालय में किया जाएगा पेश
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा।
फिलहाल मामले में आगे की अनुसंधान कार्रवाई जारी है।