Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: RPF-GRP ने तीन अंतरराज्यीय महिला अपराधियों को दबोचा, चोरी के सोने के लॉकेट बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, May 13, 2026

BIHAR:रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: RPF-GRP ने तीन अंतरराज्यीय महिला अपराधियों को दबोचा, चोरी के सोने के लॉकेट बरामद

बक्सर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: RPF-GRP ने तीन अंतरराज्यीय महिला अपराधियों को दबोचा, चोरी के सोने के लॉकेट बरामद

ट्रेन यात्री से झपटे गए थे दो सोने के लॉकेट, प्लेटफॉर्म पर चलाया गया सघन चेकिंग अभियान

बक्सर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय महिला अपराधियों को गिरफ्तार किया है। चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-02 से इन महिलाओं को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से चोरी के दो सोने के लॉकेट बरामद किए गए हैं।

यात्री से झपटमारी की सूचना मिलते ही हरकत में आई टीम

मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन संख्या 22670 के एक यात्री द्वारा दो सोने के लॉकेट झपटे जाने की सूचना सुरक्षा बलों को मिली।

सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी ने स्टेशन परिसर में घेराबंदी कर प्लेटफॉर्म संख्या-02 पर तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किए गए दोनों सोने के लॉकेट बरामद कर लिए गए।

उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं तीनों आरोपी महिलाएं

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के मिरगंज निवासी दुर्गावती देवी (40 वर्ष), मऊ जिले के परदाहा निवासी नंदिता देवी (40 वर्ष) तथा खुशबू कुमारी (20 वर्ष) के रूप में की गई है।

रेलवे पुलिस के अनुसार, तीनों महिलाएं संगठित तरीके से ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी और झपटमारी की घटनाओं को अंजाम देती थीं।

पहले भी कई मामलों में जा चुकी हैं जेल

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि गिरफ्तार तीनों महिलाएं पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुकी हैं।

पुलिस के अनुसार, दुर्गावती देवी के खिलाफ जहानाबाद टाउन थाना में पूर्व से मामला दर्ज है। वहीं नंदिता देवी और खुशबू कुमारी के खिलाफ नालंदा जिले के दीपनगर थाना में चोरी और झपटमारी से संबंधित कांड दर्ज हैं।

गिरोह के नेटवर्क की खंगाल रही पुलिस

रेलवे पुलिस अब इन महिलाओं के आपराधिक नेटवर्क और इनके अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सक्रिय होकर यात्रियों को निशाना बनाता था।

जीआरपी और आरपीएफ संयुक्त रूप से इनके आपराधिक इतिहास और दूसरे राज्यों में सक्रिय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

न्यायिक हिरासत में भेजी गईं आरोपी

जीआरपी बक्सर ने तीनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बढ़ती चोरी और झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी सघन चेकिंग अभियान जारी रहेगा।