Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA NEWS:सिमरी बख्तियारपुर में 126 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 17, 2026

SAHARSA NEWS:सिमरी बख्तियारपुर में 126 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर फरार

सिमरी बख्तियारपुर में 126 लीटर विदेशी शराब जब्त, तस्कर फरार
सहरसा: जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक सफेद हुंडई कार से 126 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि 16 मई की सुबह करीब 11:30 बजे बख्तियारपुर थाना के अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि लगमा वार्ड नंबर-11 निवासी प्रवीण कुमार एक सफेद कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रवीण कुमार के घर पर छापेमारी की। टीम में दरोगा स्वीटी कुमारी और अमरजीत कुमार सिंह भी शामिल थे। छापेमारी के दौरान घर में कोई नहीं मिला, लेकिन घर से सटे गैरेज में संदिग्ध कार खड़ी मिली।
तलाशी लेने पर कार की बीच वाली सीट से एक ब्रांड के 5 कार्टून और डिक्की से दूसरे ब्रांड के 9 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई। सभी कार्टूनों पर “Made in Punjab” लिखा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, कुल 14 कार्टूनों में 375 एमएल की 24-24 बोतलें थीं। इस तरह कुल 126 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में जब्ती सूची तैयार कर शराब और कार को कब्जे में ले लिया।
इस मामले में चालक प्रवीण कुमार और वाहन मालिक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच एसआई अमरेंद्र कुमार मिश्रा को सौंपी गई है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।