मधेपुरा में दर्दनाक सड़क हादसा, कार्यपालक सहायक की मौत के बाद NH-131 जाम; मुआवजे और नौकरी की मांग पर उग्र हुए ग्रामीण
मधेपुरा | सिंहेश्वर:
सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के कमरगामा पंचायत स्थित बड़हरी के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार्यपालक सहायक राजू सरदार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-131 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार राजू सरदार अपने कार्य से घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बांस लदे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक ने दोबारा वाहन चढ़ा दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से राजू सरदार को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन मेडिकल कॉलेज से कुछ दूर जाने के बाद रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर एनएच-131 को पूरी तरह जाम कर दिया। परिजनों का कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा।
जाम की सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी नवीन कुमार सिंह और थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन ग्रामीण वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। बाद में एसडीएम संतोष कुमार और एएसपी प्रवेन्द्र भारती भी घटनास्थल पहुंचे, जहां उन्हें भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। ग्रामीण डीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
सुबह करीब छह बजे से जारी जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुटे हुए हैं।