Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में कुख्यात अपराधी चिंटू यादव को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली, एनकाउंटर में 2 जवान हुआ घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, May 21, 2026

बिहार में कुख्यात अपराधी चिंटू यादव को पुलिस ने दौड़ा कर मारी गोली, एनकाउंटर में 2 जवान हुआ घायल

सम्राट सरकार में फिर एनकाउंटर, किशनगंज में पुलिस-बदमाश के बीच मुठभेड़; पैर में गोली लगने से कुख्यात अपराधी घायल, 2 जवान भी जख्मी
Encounter In Bihar | किशनगंज:
बिहार में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। सीवान से लेकर किशनगंज तक पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में बुधवार देर रात किशनगंज में पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
घटना टाउन थाना क्षेत्र के फरींगोला रेलवे गुमटी के पास की है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इलाके में इकट्ठा होकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
देर रात करीब 10:30 बजे पुलिस इलाके में जांच कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक पर सवार एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही युवक बाइक लेकर भागने लगा। जब पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विशाल राज, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च अभियान चलाया।
मौके से बिना नंबर की बाइक, पिस्टल, खोखा और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किए गए हैं। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में घायल अपराधी की पहचान कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र निवासी पवन कुमार उर्फ चिंटू यादव के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह अंतरराज्यीय लूट, छिनतई और चोरी गिरोह का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ बिहार और पश्चिम बंगाल के कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पटना, अररिया, मुंगेर समेत कई जिलों में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। हाल के दिनों में किशनगंज में हुई कई छिनतई और बाइक चोरी की वारदातों में भी उसके गिरोह की संलिप्तता पाई गई है।
फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी की गई बाइक व सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।