किशनगंज जिले में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की नई टीम “एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स” ने रेलवे स्टेशन के समीप एनएच-27 सर्विस लेन से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 800 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि 20-21 मई की रात कुछ तस्कर हेरोइन की बड़ी खेप की डील करने आने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने जाल बिछाकर बाइक सवार दोनों तस्करों को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 800 ग्राम हेरोइन, एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहनवाज आलम और मो. शाह आलम रहमान के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के ग्वालपोखर थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में दोनों तस्करों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से बिहार और पश्चिम बंगाल में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
पुलिस ने कहा है कि ड्रग्स कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जाएगी और उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किशनगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
इस बड़ी सफलता के बाद एसपी संतोष कुमार ने छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत और सम्मानित करने की घोषणा की है।