Kosi Live-कोशी लाइव NEWS DESK:तेल संकट के बीच पीएम मोदी की बड़ी अपील: ‘वर्क फ्रॉम होम अपनाएं, ईंधन बचाएं और एक साल तक सोना न खरीदें - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 10, 2026

NEWS DESK:तेल संकट के बीच पीएम मोदी की बड़ी अपील: ‘वर्क फ्रॉम होम अपनाएं, ईंधन बचाएं और एक साल तक सोना न खरीदें

तेल संकट के बीच पीएम मोदी की बड़ी अपील: ‘वर्क फ्रॉम होम अपनाएं, ईंधन बचाएं और एक साल तक सोना न खरीदें’

मध्य पूर्व तनाव के बीच पेट्रोल-डीजल महंगा होने की आशंका, पीएम ने देशवासियों से की खास अपील

नई दिल्ली। मध्य पूर्व में जारी युद्ध और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री ने रविवार को देशवासियों से एक बड़ी अपील करते हुए ईंधन की खपत कम करने और आर्थिक बचत को बढ़ावा देने की बात कही।

प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक हालात को देखते हुए देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने लोगों से जहां संभव हो वहां ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था को फिर से अपनाने का आग्रह किया, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके और विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव न बढ़े।

शादियों में एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील

प्रधानमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को बाहरी झटकों से बचाने के लिए नागरिकों को कुछ समय के लिए संयम बरतना होगा। उन्होंने विशेष रूप से शादी-विवाह में सोने की खरीदारी को लेकर भी लोगों से एक साल तक परहेज करने का आग्रह किया।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी के कारण भारत के आयात बिल पर दबाव बढ़ सकता है। ऐसे में सरकार विदेशी मुद्रा भंडार को सुरक्षित रखने की दिशा में कदम उठा रही है।

तेल संकट का असर बढ़ने की आशंका

विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ सकता है। यदि कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़ती रहीं तो भारत में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।

सरकार फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है और ऊर्जा खपत कम करने को लेकर विभिन्न विकल्पों पर विचार कर रही है।