नेपाल में भारतीयों के लिए नया नियम लागू, बिना पहचान पत्र नहीं मिलेगा प्रवेश
भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ी सख्ती, जोगबनी बॉर्डर पर दिनभर लगी रही लंबी कतारें
नेपाल प्रशासन ने भारत से आने-जाने वाले नागरिकों के लिए नया नियम लागू कर दिया है। अब भारत से नेपाल में प्रवेश करने वाले भारतीय नागरिकों को वैध पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। वहीं नेपाल से भारत आने वालों के लिए भी पहचान पत्र जरूरी कर दिया गया है। आधार कार्ड या सरकार द्वारा जारी अन्य वैध पहचान पत्र को मान्य माना जा रहा है।
नई व्यवस्था लागू होने के बाद शनिवार को बिहार के जोगबनी स्थित भारत-नेपाल सीमा पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। सीमा पर सघन जांच के कारण वाहनों और राहगीरों की लंबी कतारें लग गईं। नेपाल पुलिस द्वारा हर व्यक्ति की जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही थी।
पहचान पत्र नहीं होने पर लोगों को लौटाया गया
जानकारी के अनुसार, कोलकाता से आने वाली ट्रेन के जोगबनी स्टेशन पहुंचते ही बड़ी संख्या में यात्री नेपाल जाने के लिए सीमा पर पहुंचे। हालांकि नेपाल पुलिस के जवानों ने पहचान पत्र की जांच शुरू कर दी। जिन लोगों के पास आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र नहीं था, उन्हें वापस लौटा दिया गया।
सीमा पर जांच के कारण कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नेपाल प्रशासन ने जारी किया सख्त निर्देश
नेपाल के प्रमुख जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सीमा पार करने के लिए पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। बिना वैध दस्तावेज के किसी भी व्यक्ति को सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि नेपाल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों को देखते हुए यह कदम उठाया है। नेपाल पुलिस और आर्म्ड पुलिस फोर्स के जवान सीमा पर लगातार जांच अभियान चला रहे हैं।
मधेशी इलाकों में बढ़ा तनाव
बहराइच से सटी नेपाल की करीब 17 किलोमीटर सीमा पट्टी में बड़ी संख्या में मधेशी समुदाय के लोग रहते हैं। नेपाली क्षेत्र के जमुनहा गांव समेत सीमावर्ती इलाकों में इस फैसले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से दोनों देशों के नागरिकों का सीमा पार आना-जाना सामान्य रूप से होता रहा है, लेकिन अब अचानक सख्ती बढ़ने से आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चीनी घुसपैठ की आशंका के बाद बढ़ी चौकसी
इधर नेपाल सीमा से चीनी नागरिकों की घुसपैठ की आशंका को लेकर बिहार पुलिस और एसएसबी को अलर्ट कर दिया गया है। सीमावर्ती जिलों बेतिया, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, दरभंगा और मधुबनी समेत उत्तर बिहार के कई जिलों की पुलिस को होटल, लॉज और संदिग्ध गतिविधियों की नियमित जांच करने का निर्देश दिया गया है।
दरअसल, तीन दिन पहले अररिया के जोगबनी बॉर्डर से बिना वैध दस्तावेज के भारत में प्रवेश कर रहे एक चीनी नागरिक को पकड़ा गया था। पूछताछ में उसकी पहचान चीन के हुनान प्रांत निवासी झोउ हुआन के रूप में हुई थी। वह नेपाली नंबर की स्कूटी से भारत में प्रवेश कर रहा था, जिसे एसएसबी जवानों ने बॉर्डर के पास रोक लिया था।
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं और सीमा पर जांच अभियान और कड़ा कर दिया गया है।