Kosi Live-कोशी लाइव MOKAMA NEWS:गैंगस्टर के घर पुलिस की तलाशी मामले में पटना SSP ने लिया एक्शन,2 SHO सस्पेंड - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, May 24, 2026

MOKAMA NEWS:गैंगस्टर के घर पुलिस की तलाशी मामले में पटना SSP ने लिया एक्शन,2 SHO सस्पेंड

मोकामा फायरिंग कांड में बड़ा एक्शन: पुलिस की तलाशी लेने का वीडियो वायरल, पटना SSP ने दो SHO को किया सस्पेंड
पटना. मोकामा इलाके के नौरंगा जलालपुर गांव में हुई फायरिंग और पुलिस की तलाशी लेने के मामले में पटना एसएसपी ने बड़ा प्रशासनिक एक्शन लिया है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पंचमहला थाना अध्यक्ष और हाथीदह थाना अध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में पटना एसएसपी कार्यालय से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
पूरा मामला पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव का है, जहां शनिवार को अनंत सिंह समर्थक और सरपंच पति मुकेश कुमार पर गोलीबारी की घटना सामने आई। इस घटना के पीछे सोनू-मोनू गैंग का हाथ बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल कायम हो गया।
जानकारी के अनुसार विवाद की शुरुआत एक फेसबुक पोस्ट से हुई। बताया जा रहा है कि 22 मई को मुकेश कुमार ने सोशल मीडिया पर स्थानीय पुलिस और थाना प्रभारी की तारीफ करते हुए एक पोस्ट साझा किया था। इसी पोस्ट को लेकर सोनू-मोनू के पिता प्रमोद सिंह नाराज हो गए और उन्होंने मुकेश कुमार से पोस्ट हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
मुकेश कुमार का आरोप है कि बहस के दौरान प्रमोद सिंह ने अपने बेटों सोनू और मोनू को बुला लिया। उनके साथ कई अन्य लोग भी पहुंचे और उन पर दो राउंड फायरिंग की गई। हालांकि इस हमले में मुकेश कुमार बाल-बाल बच गए।
फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस सोनू-मोनू के घर छापेमारी करने पहुंची। आरोप है कि वहां मौजूद महिलाओं और गैंग के सदस्यों ने पुलिस को घर के अंदर जाने से रोक दिया। इतना ही नहीं, पुलिसकर्मियों की तलाशी लेने के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश करने दिया गया। इसी दौरान सोनू और मोनू पीछे के रास्ते से फरार हो गए।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गर्मा गया। वीडियो सामने आने के बाद पटना एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए पंचमहला और हाथीदह थाना अध्यक्ष को सस्पेंड कर दिया।
वहीं बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी ने भी घटना पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ गलत व्यवहार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।
पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हाथीदह, मरांची और पंचमहला थाना की टीम लगातार छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह समर्थकों के बीच जनवरी 2025 में भी बड़ा विवाद हुआ था, जिसमें नौरंगा गांव में करीब 100 राउंड फायरिंग हुई थी।