सुपौल में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना: सगे मामा ने चुराया 7 लाख का हीरा जड़ा मंगलसूत्र, ज्वेलर समेत गिरफ्तार
सुपौल/कटैया-निर्मली. पिपरा थाना क्षेत्र के दीना पट्टी पंचायत अंतर्गत सखुआ वार्ड नंबर-08 में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली के गाजियाबाद से मायके आई एक महिला का करीब सात लाख रुपये मूल्य का हीरा जड़ा मंगलसूत्र चोरी हो गया। मामले का खुलासा होने पर चोरी का आरोप किसी बाहरी व्यक्ति पर नहीं, बल्कि महिला के सगे मामा पर लगा। पिपरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया तथा चोरी का मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया। मामले में चोरी का सामान खरीदने वाले ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि दिल्ली के गाजियाबाद जिले के मोदी नगर थाना क्षेत्र निवासी शिखा कुमारी अपने मायके सखुआ वार्ड-08 आई हुई थीं। उन्होंने घर में अपना कीमती हीरा जड़ा मंगलसूत्र सुरक्षित रखा था, लेकिन कुछ देर बाद वह गायब मिला। काफी खोजबीन के बाद जब शक गहराया तो पीड़िता ने अपने सगे मामा हीरालाल राय पर चोरी का आरोप लगाते हुए पिपरा थाना में आवेदन दिया।
पीड़िता के आवेदन के आधार पर थाना कांड संख्या 175/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सखुआ वार्ड नंबर-08 निवासी हीरालाल राय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने मंगलसूत्र को बेचने के लिए त्रिवेणीगंज बाजार वार्ड नंबर-05 स्थित पोस्ट ऑफिस के पास मौजूद श्री ज्वेलर्स दुकान में बेच दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने त्रिवेणीगंज बाजार में छापेमारी कर श्री ज्वेलर्स दुकान से चोरी का वही हीरा जड़ा मंगलसूत्र बरामद कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने दुकान संचालक सुमित स्वर्णकार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सुमित स्वर्णकार ने चोरी का सामान होने की जानकारी के बावजूद उसे खरीदा, जो कानूनन अपराध है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि चोरी और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में हीरालाल राय एवं सुमित स्वर्णकार दोनों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बरामद मंगलसूत्र को कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पीड़िता को सौंप दिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोग इस घटना को रिश्तों के विश्वास पर बड़ा आघात बता रहे हैं।