Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:मधेपुरा में सनसनी: पिता-भाई पर किशोरी को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप, पटना बर्न अस्पताल में इलाज जारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, May 26, 2026

MADHEPURA:मधेपुरा में सनसनी: पिता-भाई पर किशोरी को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप, पटना बर्न अस्पताल में इलाज जारी

मधेपुरा में सनसनी: पिता-भाई पर किशोरी को जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप, पटना बर्न अस्पताल में इलाज जारी
Highlights
किशोरी का पटना के बर्न अस्पताल में इलाज जारी
पिता और भाई पर जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी
मधेपुरा |:
मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में आग से झुलसी किशोरी का इलाज पटना के बर्न अस्पताल में चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक किशोरी की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। इस बीच पटना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता का बयान दर्ज किया है।
अगमकुआं थाना पुलिस द्वारा भेजे गए बयान के आधार पर शंकरपुर थाना में किशोरी के पिता और भाई के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पेट, पीठ और कमर पर गंभीर जख्म
डॉक्टरों के अनुसार किशोरी करीब 35 से 40 प्रतिशत तक झुलस गई है। उसके पेट, पीठ और कमर के ऊपरी हिस्से में गंभीर जलने के निशान हैं, जबकि चेहरे पर आग का असर नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को किशोरी को उसके पिता और भाई से बचाकर थाना लाया गया था। इसी दौरान उसने थाना परिसर के शौचालय में खुद को आग लगा ली थी।
पिता और भाई पर हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि किशोरी को उसके पिता और भाई ने प्रेमी के घर के पास ले जाकर जलाने की कोशिश की थी। आरोप है कि ट्रैक्टर से डीजल निकालकर उसके शरीर पर डाला गया और फिर आग लगाने का प्रयास किया गया।
किशोरी की चीख सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस उसे सुरक्षित थाना लेकर आई थी।
थाना के बाथरूम में खुद को लगाई आग
थाना में रहने के दौरान किशोरी बाथरूम गई और अंदर से दरवाजा बंद कर खुद को आग लगा ली। शोर सुनकर महिला पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा और कंबल की मदद से आग बुझाई।
इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी किशोरी को जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।
दुष्कर्म का मामला जांच में निकला झूठा
मामले में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। जनवरी महीने में किशोरी के प्रेमी और उसके दोस्तों पर सामूहिक दुष्कर्म का केस दर्ज कराया गया था।
हालांकि बाद में पुलिस जांच और अदालत में दिए गए बयान में किशोरी ने कहा कि उसने पिता और भाई के दबाव में मामला दर्ज कराया था। पुलिस के अनुसार बयान बदलने के बाद परिवार उससे नाराज चल रहा था। इसी वजह से उसके साथ मारपीट और हत्या की साजिश रची गई।
आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले को लेकर एसपी संदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर पिता और भाई के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस को आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।