मधेपुरा/शंकरपुर: शंकरपुर प्रखंड के टेंगराहा परिहारी पंचायत स्थित दमगाड़ा गांव आजादी के 78 साल बाद भी पक्की सड़क की सुविधा से वंचित है। करीब 2500 की आबादी वाला यह गांव आज भी विकास की मुख्यधारा से दूर है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव के वार्ड संख्या 03, 04 और 05 को जोड़ने वाली लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी मुख्य सोलिंग सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। यह सड़क उत्तर में हरिराहा गांव के साइफन चौक से शुरू होकर दक्षिण में मध्य विद्यालय दमगाड़ा तक जाती है। ग्रामीणों के अनुसार तीन साल पहले मनरेगा योजना के तहत सड़क पर पीसीसी ढलाई कराई गई थी, लेकिन घटिया निर्माण सामग्री के कारण सड़क कुछ ही समय में टूटकर बदहाल हो गई।
यह सड़क हरिराहा, टेंगराहा, परिहारी, मधैली और बसंतपुर समेत कई गांवों को जोड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि मई से अक्टूबर तक सड़क पर करीब एक फीट तक कीचड़ जमा रहता है, जिससे गांव तक कोई वाहन नहीं पहुंच पाता। खासकर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को मुख्य सड़क तक पहुंचाने के लिए खाट और जुगाड़ वाहन का सहारा लेना पड़ता है।
सड़क की बदहाल स्थिति का असर किसानों पर भी पड़ रहा है। वाहन सुविधा नहीं होने के कारण किसान अपनी उपज बाजार तक नहीं पहुंचा पाते और मजबूरी में कम दामों पर फसल बेचनी पड़ती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण का आश्वासन देते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद समस्या जस की तस बनी रहती है। ग्रामीणों ने बताया कि मुखिया प्रतिनिधि दीपनारायण राम और विधायक डॉ. रमेश ऋषिदेव द्वारा पीएमजीएसवाई योजना के तहत सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
गांव के शैलेंद्र कुमार यादव, बेचन पंडित, रागनी यादव, सुशील कुमार यादव, मनोज यादव, सरवन कुमार शर्मा, धोनी यादव, गौतम कुमार, जय कृष्ण कुमार, धीरेंद्र यादव, सुभाष कुमार, प्रभास कुमार, ललिता देवी, पूनम देवी, मंजू देवी, ब्रह्मदेव कुमार, रवि शंकर कुमार, पिंटू कुमार, अमरिंदर कुमार यादव, अशोक ठाकुर, अमरेश कुमार, मानिकचंद ठाकुर, जय नारायण यादव, दीप नारायण यादव, संतोष कुमार, भूषण यादव और अशोक शर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग से बरसात शुरू होने से पहले सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
इस संबंध में विधायक डॉ. रमेश ऋषिदेव ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।